कानपुर

रेड क्रॉस के मंच से जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प, समाजसेवियों का सम्मान

श्व रेड क्रॉस दिवस पर मानव सेवा का संदेश, कानपुर में भव्य आयोजन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर मर्चेंट्स चैम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, कानपुर नगर के संयुक्त तत्वावधान में सिविल लाइंस स्थित मर्चेंट चैंबर हॉल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानव सेवा, सामाजिक सहयोग और आपदा राहत में रेड क्रॉस की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चेस्ट हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. संजय सिंह उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत ओंकारेश्वर स्कूल के बच्चों द्वारा स्वागत गीत और रक्तदान जागरूकता पर आधारित नृत्य-नाटिका से हुई, जिसने सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्राथमिक चिकित्सा उपचार पर आधारित एक पत्रिका का विमोचन भी किया। मुख्य अतिथि का स्वागत मर्चेंट्स चैम्बर के सभापति डॉ. उमेश पालीवाल ने अंगवस्त्र भेंट कर किया, जबकि डॉ. संजय सिंह का स्वागत श्री अंगद सिंह द्वारा किया गया।

रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव आर. के. सफर ने संस्था की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कानपुर रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन उपसभापति डॉ. पूजा अवस्थी ने किया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची मानवता है और हर व्यक्ति को सेवा कार्यों में आगे आना चाहिए। वहीं मर्चेंट चैंबर की हेल्थ एंड लाइफस्टाइल समिति के चेयरमैन एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसाद ने कहा कि रेड क्रॉस विश्व की सबसे बड़ी मानव सेवा संस्था है, जिसके स्वयंसेवक हर आपदा में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सरकारी एवं गैर-सरकारी व्यक्तियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में डॉ. इंद्र मोहन रोहतगी, टीकम चंद सेठिया, शेष नारायण त्रिवेदी, लखन शुक्ला, रामप्रकाश मिश्रा, प्रवीण पांडेय, सीमा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button