ब्रिक्स में भारत की स्वास्थ्य कूटनीति का दमदार प्रदर्शन
16वें स्वास्थ्य मंत्रिस्तरीय घोषणापत्र पर सर्वसम्मति, वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को मिला नया आधार

16वें स्वास्थ्य मंत्रिस्तरीय घोषणापत्र पर सर्वसम्मति, वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग को मिला नया आधार
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
वैश्विक स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक समावेशी, सशक्त और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में भारत ने एक बार फिर निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत चंडीगढ़ में आयोजित 16वीं ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक में सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से 16वें ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रिस्तरीय घोषणापत्र को अपनाकर स्वास्थ्य सहयोग के नए युग का द्वार खोल दिया।
भारत बना स्वास्थ्य परिवर्तन का अग्रदूत
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जन-केंद्रित स्वास्थ्य नीतियों, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और बेहतर सेवा वितरण के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली ही सतत विकास और वैश्विक सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।
डिजिटल हेल्थ से बदलेगी वैश्विक तस्वीर
बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर और दूरदराज़ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के भारतीय मॉडल की व्यापक सराहना हुई। डिजिटल स्वास्थ्य सहयोग को भविष्य की प्राथमिकता के रूप में स्वीकार किया गया।
टीबी, महामारी और मानसिक स्वास्थ्य पर साझा रणनीति
ब्रिक्स देशों ने टीबी रिसर्च नेटवर्क को और मजबूत करने, महामारी की रोकथाम के लिए एकीकृत प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली स्थापित करने तथा मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। एनआईएमएचएएनएस को ब्रिक्स मानसिक स्वास्थ्य उत्कृष्टता केंद्रों के नेटवर्क का समन्वयक नियुक्त किया गया, जो अनुसंधान, प्रशिक्षण और नीति सहयोग को नई दिशा देगा।
स्वस्थ जीवनशैली और पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा
बैठक में ब्रिक्स मिशन फॉर हेल्दी लाइफस्टाइल (2026–2029), पारंपरिक एवं एकीकृत चिकित्सा, खाद्य सुरक्षा, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य समानता पर व्यापक सहमति बनी। साथ ही चिकित्सा उत्पादों की गुणवत्ता और नियामक सहयोग को मजबूत करने के लिए BRICS GxP White Paper का स्वागत किया गया।
घोषणापत्र बना भविष्य का रोडमैप
16वें ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रिस्तरीय घोषणापत्र में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, सस्ती दवाओं और टीकों तक समान पहुंच, डिजिटल स्वास्थ्य, महामारी तैयारी, मानसिक स्वास्थ्य, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत सहयोग को मजबूत करने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया। भारत की अध्यक्षता में तैयार यह दस्तावेज़ वैश्विक दक्षिण की स्वास्थ्य प्राथमिकताओं को नई आवाज़ देने वाला ऐतिहासिक संकल्प माना जा रहा है।



