केडीए की बड़ी कार्रवाई, 8.5 बीघे में अवैध निर्माण ध्वस्त
बिना स्वीकृति हो रही प्लाटिंग और गेस्ट हाउस निर्माण पर चला बुलडोजर

कानपुर। Kanpur Development Authority द्वारा अवैध एवं अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को जोन-1बी क्षेत्र में बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई। उपाध्यक्ष श्री अंकुर कौषिक एवं सचिव श्री अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में लगभग 8.5 बीघे क्षेत्र में अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान बैरी अकबरपुर बांगर क्षेत्र में श्री हरि मोहन गुप्ता एवं अन्य द्वारा लगभग 3 बीघा भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए जा रहे गेस्ट हाउस एवं होटल निर्माण को ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण के अनुसार निर्माण कार्य बिना अनुमति एवं स्वीकृत नक्शे के किया जा रहा था, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इसके अलावा कटरी क्षेत्र में श्री रामबाबू, मोनू यादव एवं अन्य द्वारा लगभग 5.5 बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी बुलडोजर कार्रवाई की गई। केडीए अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भूमि पर बिना ले-आउट स्वीकृति के प्लाटिंग विकसित की जा रही थी, जो प्राधिकरण नियमों का उल्लंघन है।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार और लाल सिंह सहित संबंधित थाने का पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया।
विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि लगभग 9.5 बीघे में और अवैध प्लाटिंग चिन्हित की गई है। इन मामलों में ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई के लिए 15 मई 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्लाटिंग या भूमि को खरीदने से पहले कानपुर विकास प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही भवन निर्माण से पूर्व मानचित्र स्वीकृत कराकर उसी के अनुसार निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में आर्थिक और कानूनी समस्याओं से बचा जा सके।



