केडीए की OTS-2026 योजना लॉन्च, डिफॉल्टरों के लिए आखिरी मौका
ब्याज से राहत, आसान किस्तों में भुगतान—16 अक्टूबर तक करें आवेदन

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
: कानपुर विकास प्राधिकरण ने डिफॉल्टर आवंटियों के लिए एकमुश्त समाधान योजना (OTS) 2026 लागू कर दी है, जिसे बकाया निपटाने का “सुनहरा और अंतिम अवसर” बताया जा रहा है। यह योजना 18 अप्रैल 2026 से लागू होकर 17 जुलाई 2026 तक आवेदन के लिए खुली रहेगी, जबकि अंतिम निस्तारण और भुगतान की तिथि 16 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
प्राधिकरण के अनुसार इस योजना का उद्देश्य आवंटियों को भारी ब्याज और दंड से राहत देना है। इसके तहत आवंटी अपनी लंबित देनदारियों का निपटान एकमुश्त या आसान किस्तों में कर सकते हैं। साथ ही वसूली की कानूनी कार्रवाई और आवंटन निरस्तीकरण से भी बचा जा सकता है।
योजना में आवासीय, व्यावसायिक, संस्थागत भूखंडों और निर्मित संपत्तियों को शामिल किया गया है। विभिन्न श्रेणियों के लिए प्रोसेसिंग फीस निर्धारित की गई है—आवासीय/भूखंड के लिए लगभग ₹2100, व्यावसायिक और संस्थागत संपत्तियों के लिए ₹11,000 तक। मानचित्र शुल्क और अन्य प्रशासनिक शुल्क भी तय किए गए हैं।
State Bank of India और Axis Bank की चयनित शाखाओं—मोतीझील, पनकी, शताब्दी नगर, दादानगर, स्वरूप नगर और कल्याणपुर—में ऑफलाइन आवेदन की सुविधा दी गई है। वहीं ऑनलाइन आवेदन के लिए Awas Bandhu की वेबसाइट www.awasbandhu.in पर जाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा तक भुगतान न करने पर योजना स्वतः निरस्त हो जाएगी और बकाया की वसूली उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा 40 के तहत भू-राजस्व की तरह की जाएगी।
केडीए ने सभी डिफॉल्टर आवंटियों से अपील की है कि वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाकर अपनी संपत्तियों को सुरक्षित करें और भविष्य की कानूनी परेशानियों से बचें।



