16 साल की मेहनत से बना कला का अजूबा, लखनऊ के कलाकार ने रचा विश्व रिकॉर्ड का दावा
1104 फुट लंबी ‘दि स्पेस लैडर’ में उकेरीं 19 सभ्यताएं और ब्रह्मांड का रहस्य

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क | लखनऊ
लखनऊ के हुसैनगंज निवासी चित्रकार Praveen Bhushan Srivastava ने अपनी अद्भुत कलाकृति “दि स्पेस लैडर” के जरिए कला जगत में नया इतिहास रचने का दावा किया है। करीब 16 वर्षों की कठिन मेहनत के बाद उन्होंने काले कैनवास पर 1104.6 फुट ऊंची और 41 सेंटीमीटर चौड़ी विशाल पेंटिंग तैयार की है, जिसे वह दुनिया की सबसे ऊंची पेंटिंग बता रहे हैं।
प्रवीण भूषण श्रीवास्तव ने इस पेंटिंग पर काम वर्ष 2007 में शुरू किया था और इसे 22 जनवरी 2026 को पूरा किया। इस भव्य कलाकृति को तैयार करने में लगभग सात लाख रुपये खर्च हुए। पेंटिंग में ऑयल पेस्टल, ऑयल कलर, जल रंग और वॉटर एनैमिल का इस्तेमाल किया गया है।

“दि स्पेस लैडर” में हड़प्पा, मेसोपोटामिया, सुमेरियन सहित दुनिया की 19 प्राचीन सभ्यताओं को चित्रित किया गया है। इसके साथ-साथ कलाकार ने इसमें आकाशगंगा, 20 एक्सो प्लेनेट्स और विलुप्त हो चुके वन्यजीवों को भी शामिल किया है। पूरी पेंटिंग में कुल 782 चित्र बनाए गए हैं, जो मानव सभ्यता से लेकर अंतरिक्ष तक की कहानी को दर्शाते हैं।
प्रवीण का दावा है कि इससे पहले दुनिया की सबसे ऊंची पेंटिंग का रिकॉर्ड फिलीपींस के एक कलाकार के नाम था, जिसकी लंबाई 135 फुट थी। ऐसे में उनकी यह कलाकृति विश्व रिकॉर्ड की नई दावेदार मानी जा रही है।
चित्रकार ने बताया कि फिलहाल लखनऊ में इतनी बड़ी पेंटिंग को प्रदर्शित करने की उपयुक्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि निजी स्तर पर प्रदर्शनी लगाने में करीब पांच लाख रुपये का खर्च आएगा, इसलिए जयपुर में हॉट एयर बैलून संचालकों के साथ प्रदर्शन को लेकर बातचीत चल रही है।

प्रवीण भूषण श्रीवास्तव फिल्मों में जूनियर आर्टिस्ट के रूप में भी काम कर चुके हैं और जर्मनी, नीदरलैंड्स तथा जोहांसबर्ग में भी समय बिता चुके हैं। उन्होंने जीपीओ, राजभवन, बड़ा इमामबाड़ा और लाल पुल जैसी कई ऐतिहासिक इमारतों की कलाकृतियां भी तैयार की हैं।



