लखनऊ

जनगणना-2027 की तैयारियों पर लखनऊ में हाई-अलर्ट—7 मई से शुरू होगी स्वगणना

DM विशाख के सख्त निर्देश—हर नागरिक की भागीदारी और डिजिटल अभियान पर जोर

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)

: जिलाधिकारी लखनऊ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ‘जनगणना-2027’ की तैयारियों को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में 7 मई से 21 मई 2026 तक प्रस्तावित स्वगणना (Self Enumeration) अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक और तकनीकी पहलुओं पर गहन चर्चा हुई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह तथा जनगणना निदेशालय के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस अभियान का उद्देश्य हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और जनगणना के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाना है।

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागों में नोडल अधिकारी नामित कर कर्मचारियों की स्वगणना में भागीदारी सुनिश्चित करें। नगर निगम को 110 वार्डों के पार्षदों का चरणबद्ध प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वे अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

शिक्षा विभाग को विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। इसके तहत कार्यशालाएं, गोष्ठियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। वहीं, हाउसिंग सोसाइटी, सरकारी कॉलोनियों और आवासीय परिसरों में विशेष टीमें बनाकर घर-घर संपर्क करने की योजना बनाई गई है।

जनजागरूकता बढ़ाने के लिए एलईडी स्क्रीन, आईटीएमएस, बाजारों और चौराहों पर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल में फिल्म से पहले जागरूकता संदेश दिखाने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने समाज के गणमान्य व्यक्तियों, व्यापारिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को पारदर्शिता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करना जरूरी है।

साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में उपजिलाधिकारी और शहरी क्षेत्रों में अपर जिलाधिकारी एवं नगर निगम अधिकारी प्रतिदिन निरीक्षण करेंगे।

Related Articles

Back to top button