राजनीति

मीडिया के षडयंत्र से न हों गुमराह: मिशन 2027 को लेकर मायावती की बड़ी अपील

हम धन्नासेठों के नहीं, अपने लोगों के दम पर चलते हैं: टिकट बंटवारे के आरोपों पर बसपा सुप्रीमो का करारा जवाब

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने विरोधियों और मीडिया के एक वर्ग पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर एक के बाद एक कई पोस्ट करते हुए उन्होंने साफ किया कि बसपा दूसरी पार्टियों की तरह बड़े-बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों के इशारे पर नहीं, बल्कि अपने कार्यकर्ताओं के तन, मन और धन के बलबूते चलती है। यही वजह है कि जातिवादी, साम्प्रदायिक और पूंजीवादी ताकतों को बसपा हमेशा खटकती रहती है और वे चुनाव आते ही पार्टी व उसके नेतृत्व को बदनाम करने की साजिशें रचने लगते हैं।

मायावती ने टिकटों की खरीद-फरोख्त और उम्मीदवारों के चयन को लेकर मीडिया में चल रही खबरों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि मीडिया का एक वर्ग दूसरी पार्टियों के चुनावी जुगाड़ से ध्यान भटकाने के लिए बसपा के टिकट वितरण पर सवाल उठाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा को जो भी आर्थिक सहयोग मिलता है, उसे कानूनी तौर पर पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए ही खर्च किया जाता है।

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (मिशन 2027) की तैयारियों का जिक्र करते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि यूपी स्टेट यूनिट के अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और अन्य पदाधिकारी संभावित उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग में जुटे हैं। इस दौरान दावेदारों की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक हैसियत के साथ-साथ पार्टी के प्रति उनकी वफादारी को परखने के लिए कोर्ट की जिरह की तरह कड़े सवाल-जवाब किए जाते हैं।

उन्होंने मीडिया से अनुरोध किया कि वे इसे बिना गहराई जाने अन्यथा न लें। साथ ही, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे विरोधियों के किसी भी प्रायोजित षडयंत्र का शिकार न हों। मायावती ने गर्व से कहा कि बसपा की जबरदस्त जमीनी तैयारी को देखकर ही आज विरोधियों की नींद उड़ी हुई है।

Related Articles

Back to top button