भीषण गर्मी में बिजली संकट पर मायावती का हमला, सरकार से तत्काल राहत की मांग
कटौती से जनता बेहाल, मायावती बोलीं- नए पावर प्लांट बनाकर सुधारें बिजली व्यवस्था

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
Mayawati ने उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच हो रही बिजली कटौती और कम आपूर्ति को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आम जनता की परेशानियों को गंभीर बताया है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने कहा कि प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में बिजली संकट ने गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, छोटे व्यापारियों और मेहनतकश लोगों का जीवन अत्यंत कष्टदायक बना दिया है।
उन्होंने कहा कि लगातार बिजली कटौती और कम आपूर्ति को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है, जिसका असर गांवों से लेकर शहरों तक देखा जा रहा है। आम जनता विभिन्न माध्यमों से अपना आक्रोश जाहिर कर रही है और यह मुद्दा लगातार मीडिया की सुर्खियों में बना हुआ है।
मायावती ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि लोगों की परेशानियों को देखते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में स्थिति को बेहतर बनाने के लिए नए पावर प्लांट स्थापित करने और ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बसपा प्रमुख ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में बिजली संकट का सबसे ज्यादा असर गरीब और ग्रामीण तबकों पर पड़ रहा है। किसान सिंचाई को लेकर परेशान हैं, छोटे कारोबारी कामकाज प्रभावित होने से आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं और आम परिवारों को दिन-रात कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।



