लखनऊ

सरोजनी नगर में बनेगा आधुनिक उप निबंधक कार्यालय

रजिस्ट्री कार्यों में जनता को मिलेगी बड़ी राहत

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश सरकार ने लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में लोगों को बेहतर और आधुनिक रजिस्ट्री सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रविवार को ‘कार्यालय उप निबन्धक सरोजनी नगर प्रथम व द्वितीय’ के नए भवन का भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग श्री रवीन्द्र जायसवाल मौजूद रहे।

इस दौरान मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम जनता को पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नए कार्यालय भवन के बनने से रजिस्ट्री और अन्य पंजीयन कार्यों में लोगों को काफी आसानी होगी और उन्हें बेहतर वातावरण में सेवाएं मिल सकेंगी।

सरोजनी नगर के विधायक राजेश्वर सिंह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और इस परियोजना को क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए भवन के बनने से स्थानीय लोगों को अपने कामों के लिए दूर-दूर नहीं भटकना पड़ेगा और कई समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार यह आधुनिक कार्यालय भवन लगभग 1500 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 327.95 लाख रुपये की लागत मंजूर की है। भवन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि नागरिकों को तेज और सुगम सेवाएं मिल सकें। सरकार ने निर्माण कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।

कार्यक्रम में अपर महानिरीक्षक निबंधन निरंजन कुमार, उप महानिरीक्षक महेश मिश्रा, सहायक महानिरीक्षक रमेश चन्द्र, राजेश तिवारी, उप निबंधक संतोष सिंह, श्रीमती प्रीती विक्रम सिंह सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button