एसजीपीजीआई में नए कर्मचारी महासंघ का शपथ ग्रहण, समस्याओं के समाधान का बड़ा वादा
स्टाफ हितों पर फोकस—इमरजेंसी बेड, प्रमोशन और सुविधाओं को लेकर नई टीम सक्रिय


निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई (SGPGI) के श्रुति सभागार में कर्मचारी महासंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह और नवनियुक्त कर्मचारियों का अभिनंदन कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के कर्मचारियों और अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
मुख्य चुनाव अधिकारी टी.एस. नेगी ने सभी पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। महासंघ के अध्यक्ष के रूप में धर्मेश कुमार और महामंत्री के रूप में सीमा शुक्ला ने जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय कुमार व मंजूलता यादव, उपाध्यक्ष डॉ. नीलमणि तिवारी, संयुक्त मंत्री सुनील कुमार, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार, संगठन मंत्री डॉ. अंकिता पांडे, कार्यालय मंत्री बृजमुशण यादव और प्रचार मंत्री सुनील रूपजी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ ली।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्मेश कुमार और महामंत्री सीमा शुक्ला ने कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि मानकीकरण से जुड़ी दिक्कतों का समाधान, स्टाफ के लिए इमरजेंसी में बेड की उपलब्धता, ओपीडी में प्राथमिकता के आधार पर इलाज, समय पर पदोन्नति के लिए साल में दो बार डीपीसी आयोजित कराने जैसे मुद्दों पर तेजी से काम किया जाएगा।
इसके साथ ही आवासीय रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था, उचित पार्किंग और सभी भवनों में स्टाफ कैंटीन की सुविधा उपलब्ध कराने को भी एजेंडे में शामिल किया गया है। कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह नया नेतृत्व कर्मचारियों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है, इस पर अब सबकी नजरें टिकी हैं।



