राजनीति

नामांकन के रण में बढ़ी हलचल

लखनऊ खंड स्नातक-शिक्षक चुनाव में पांचवें दिन 19 नामांकन दाखिल

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया लगातार राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रही है। नामांकन के पांचवें दिन मंडलायुक्त कार्यालय, कक्ष संख्या-01, न्यायालय आयुक्त, लखनऊ मंडल में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर विजय विश्वास पंत के अनुसार सोमवार को कुल 19 नामांकन दाखिल किए गए, जबकि चार नामांकन पत्रों का वितरण हुआ।

शिक्षक सीट पर मुकाबला तेज

लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय और राजनीतिक दलों से जुड़े उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की। नामांकन दाखिल करने वालों में आशीष कुमार सिंह, जितेंद्र नाथ मिश्रा, देवेंद्र कुमार सिंह, सुशील कुमार, उमेश द्विवेदी, धीरेंद्र सिंह और जग जीवन प्रसाद शुक्ल शामिल रहे।

इनमें सुशील कुमार ने समाजवादी पार्टी, जबकि उमेश द्विवेदी ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया। शेष उम्मीदवारों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया।

स्नातक सीट पर भी जोर

लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नामांकन का परिदृश्य और व्यापक रहा। यहां कांति सिंह ने समाजवादी पार्टी तथा अवनीश कुमार सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।

इसके अलावा हर्षित सिंह, सुशील दुबे, अवनीश पटेल, अवनीश कुमार पाण्डेय, अवनीश सिंह, अविनाश कुमार सिंह, विजय कुमार, डॉ. स्मिता मिश्रा और धर्मेंद्र सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में दस्तक दी। वहीं चंद्र भान मौर्य ने बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया।

चार ने लिए पर्चे

नामांकन पत्र प्राप्त करने वालों में शिक्षक खंड से रवींद्र कुमार त्रिपाठी, विद्या सागर और धीरेंद्र सिंह तथा स्नातक खंड से अभिषेक कुमार शामिल रहे। सभी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नाम निर्देशन प्रपत्र प्राप्त किए।

चुनावी तस्वीर होने लगी साफ

नामांकन के पांचवें दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मुकाबले की तस्वीर और बहुकोणीय होती दिखाई दे रही है। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय दावेदारों की मौजूदगी ने चुनावी समीकरणों को और रोचक बना दिया है।

Related Articles

Back to top button