महंगाई का नया झटका! कमर्शियल सिलेंडर 993 रुपये महंगा, आम जनता में बढ़ी बेचैनी
तेल-गैस कीमतों में उछाल से बढ़ी चिंता, गरीब-मध्यम वर्ग पर पड़ेगा सीधा असर

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |
देश में एक बार फिर महंगाई ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एकमुश्त 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी ने बाजार और घर दोनों का बजट हिला दिया है। इस फैसले के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत करीब 3000 रुपये के पार पहुंचने की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे छोटे व्यापारियों, होटल-रेस्टोरेंट और मध्यम वर्ग के लोगों की मुश्किलें और बढ़ने की आशंका है।
Mayawati ने इस मुद्दे को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए यह फैसला और भी भारी साबित होगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में भी बढ़ोतरी होती है तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव को इस मूल्य वृद्धि का एक कारण माना जा रहा है, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि क्या सरकार को चुनावी दौर में अपनाई गई कीमत नियंत्रण नीति को जारी नहीं रखना चाहिए था?
विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने से परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर सीधा असर पड़ेगा। इसका सबसे ज्यादा बोझ गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ेगा, जो पहले से ही बढ़ती महंगाई से जूझ रहा है।
ऐसे में यह मांग तेज हो रही है कि सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर नियंत्रण बनाए रखे और राहत देने के उपाय करे।



