अखिलेश का ‘वोट वाला बुलडोजर’ तैयार, बोले- 2027 में उखड़ जाएगी भाजपा की अन्यायी सरकार
स्मार्ट मीटर से लूट और बजट पर डाका', सपा मुखिया ने गिनाए भाजपा के पाप, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में उमड़े कार्यकर्ताओं के भारी हुजूम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों ने देश और प्रदेश को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए ‘वोट का बुलडोजर’ चलाएगी।
अखिलेश यादव ने बिजली, खाद और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि यूपी में स्मार्ट मीटर लगाकर जनता की जेब पर खुलेआम डकैती डाली जा रही है। किसान यूरिया के लिए तरस रहे हैं और नौजवान नौकरियों के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने भाजपा को ‘धोखेबाज पार्टी’ बताते हुए कहा कि सूबे में शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और विकास कार्यों के नाम पर सिर्फ बजट की लूट मची है।
आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए सपा मुखिया ने कहा, “2027 का चुनाव नजदीक है। जैसे लोकसभा में आप सबने मिलकर कमाल किया, वैसे ही अब यूपी से भाजपा का पत्ता साफ करना है।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा अब ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ताकत से बुरी तरह डर गई है और उनके खिलाफ साजिशें रच रही है।
अखिलेश ने सपा सरकार के कामों की याद दिलाते हुए कहा कि हमने अमेरिका की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और फोर-लेन सड़कों का जाल बिछाया था, जिसे इस भ्रष्ट सरकार ने बर्बाद कर दिया। उन्होंने वादा किया कि 2027 में सपा सरकार बनते ही किसानों को 24 घंटे में गन्ने का भुगतान मिलेगा और छात्राओं को केजी (KG) से लेकर पीजी (PG) तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। इस मौके पर सांसद हरेन्द्र मलिक, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी समेत भारी संख्या में दिग्गज नेता मौजूद रहे।



