
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क,
राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्थान की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI), स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ ने एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी कार्य किया है। बैंक ने अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत मंगलवार को नगर निगम द्वारा संचालित ऐतिहासिक अमीनाबाद इंटर कॉलेज में अध्ययनरत २,००० से अधिक विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तायुक्त ५०० स्टील बेंच प्रदान कीं। इस गरिमामयी सहयोग का उद्देश्य विद्यालय के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर छात्रों को शिक्षा के लिए एक सुलभ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है।
“बच्चों का भविष्य संवारना ईश्वर की आराधना से श्रेष्ठ”: महापौर सुषमा खर्कवाल
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “बच्चे हमारे राष्ट्र के भविष्य की नींव हैं। उनका जीवन संवारना और उन्हें सशक्त बनाना किसी भी धार्मिक पूजा से कहीं अधिक श्रेष्ठ कर्म है।” उन्होंने कहा कि नगर निगम का यह निरंतर प्रयास है कि सरकारी विद्यालयों के स्तर को उत्कृष्ट बनाया जाए, क्योंकि एक सुदृढ़ विद्यालय और मां के संस्कार ही बच्चों के उज्ज्वल कल का निर्माण करते हैं। विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भी आश्वस्त किया कि नगर निगम संचालित स्कूलों की सभी कक्षाओं को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएसआर पर ७०० करोड़ रुपये से अधिक का निवेश: एसबीआई देश के समावेशी विकास में अग्रणी
एसबीआई के उप महाप्रबंधक श्री धीरज कुमार ने बैंक के व्यापक दृष्टिकोण को साझा करते हुए बताया कि भारतीय स्टेट बैंक अखिल भारतीय स्तर पर अपने लाभ में से ७०० करोड़ रुपये से अधिक की राशि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के कल्याणार्थ व्यय करता है। बैंक केवल वित्तीय सेवाएं ही नहीं देता, बल्कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ियों और वृद्धाश्रमों के उन्नयन में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ५०० स्टील बेंचों का यह वितरण केवल एक औपचारिक दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति बैंक की अटूट निष्ठा का प्रमाण है। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता, प्राचार्य साहब लाल मिश्र और एसबीआई की क्षेत्रीय प्रबंधक अवंतिका सिंह मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



