उत्तर प्रदेश
यूपी न्यूज: माफिया-दबंगों! अब यूपी में गरीबों की जमीन हड़पकर दिखाओ, सीएम योगी

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में माफिया और दबंगों के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सख्त रुख और भी कठोर हो गया है। सीएम योगी ने साफ तौर पर निर्देश दिए हैं कि गरीबों को उजाड़ने का दुस्साहस करने वाले माफिया और दबंगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गरीबों की जमीनों की सुरक्षा के साथ ही जिन जरूरतमंदों को अभी तक पक्का मकान नहीं मिला है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान की सुविधा दी जाएगी।
गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान दिए निर्देश
मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 300 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में उपस्थित लोगों की समस्याओं को सीएम योगी ने व्यक्तिगत रूप से सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए और तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक होना चाहिए।
जमीन कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश
जमीन कब्जा किए जाने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि गरीबों और कमजोरों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देगी और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के लिए संकल्पित है।




