प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने घसीटा, कई युवा घायल; बसों में भरकर भेजा गया ईको गार्डेन
NEET पेपर लीक और महंगाई पर सपा युवाओं का हंगामा, हजरतगंज बना प्रदर्शन का केंद्र

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
Samajwadi Party के युवा प्रकोष्ठों ने लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर NEET पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है, जबकि महंगाई और बेरोजगारी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। प्रदर्शनकारी सरकार पर युवाओं और गरीब वर्ग की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगा रहे थे।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शन रोकने के लिए हस्तक्षेप किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की, कई युवाओं को सड़क पर घसीटा गया और बल प्रयोग किया गया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को चोटें भी आईं। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों में भरकर ईको गार्डेन भेज दिया।
प्रदर्शन में कई जिलों से आए समाजवादी युवजन सभा, छात्र सभा और लोहिया वाहिनी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। इनमें राम प्रकाश मौर्य, राज साहनी, आशुतोष आशू, इं. अभिषेक सिंह यादव, शिवशंकर लोधी, अंकुश यादव, जीतू कश्यप, मुलायम सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में युवा नेता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और शिक्षा व्यवस्था दोनों सवालों के घेरे में हैं। उनका कहना था कि सरकार छात्रों और बेरोजगार युवाओं के मुद्दों पर गंभीर नहीं है। वहीं पुलिस कार्रवाई को लेकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।
प्रदर्शन के बाद हजरतगंज क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।



