फिश पुलुसु से लेकर झींगा करी तक… “द कोस्टल पाइरेट्स” में उड़ेंगे स्वाद के होश!
लखनऊ के 'एवियान लक्स सेरेनिटी' में शुरू हुआ "द कोस्टल पाइरेट्स" फूड फेस्टिवल!

निश्यचय टाइम्स न्यूज डेस्क
नवाबों के शहर लखनऊ में अगर कबाब खाकर ऊब चुके हैं, तो अपनी जीभ को एक नए और तीखे रोमांच के लिए तैयार कर लीजिए! होटल ‘एवियान लक्स सेरेनिटी’ में 18 जून से 30 जून 2026 तक चलने वाला सबसे धमाकेदार फूड फेस्टिवल “द कोस्टल पाइरेट्स” शुरू हो चुका है। यहाँ वास्को-डी-गामा के ज़माने से लेकर आज तक के समुद्री तटों के वो गुप्त मसाले परोसे जा रहे हैं, जो आपके मुँह में पानी ला देंगे।

होटल के जनरल मैनेजर आकाश सिंह राठौर ने बड़े ही चटपटे अंदाज़ में कहा, “यह सिर्फ खाना नहीं, बल्कि इतिहास और मसालों की एक ऐसी जुगलबंदी है, जो आपको सीधे समंदर की लहरों पर ले जाएगी।” वहीं, असिस्टेंट F&B मैनेजर सुनीत कुमार सिंह ने वादा किया है कि यहाँ का हर एक व्यंजन आपके डाइनिंग एक्सपीरियंस में विलासिता का तड़का लगाएगा।
अब बात करते हैं असली ज़ायके की! शेफ गौरीश सिंह ने कड़ाही में ऐसा जादू फूंका है कि आंध्र प्रदेश की मशहूर ‘आंध्रा फिश पुलुसु’ और तीखी-चटपटी झींगा करी (रॉय्याला इगुरु) खाकर लोग उँगलियाँ चाट रहे हैं। इसके साथ ही पेपर चिकन रोस्ट और मैंगलोरियन चिकन सुक्का की खुशबू ने पूरे होटल को महका दिया है।

शाकाहारियों के लिए भी यहाँ ज़बरदस्त इंतज़ाम है। मसालेदार भरवां बैंगन यानी गुट्टी वंकाया, नारियल के स्वाद वाली बीन्स थोरन और कूटू करी जैसी डिशेज़ इतनी लाजवाब हैं कि आप उँगलियाँ चाटने पर मजबूर हो जाएंगे। तो देर किस बात की? इस वीकेंड अपनी फैमिली को उठाइए और पहुँच जाइए समंदर के इस चटपटे डाकुओं के ठिकाने पर!




