लखनऊ

सेवा और सद्भाव का संगम, लखनऊ में सिंधी यूथ क्लब की सभा सफल

समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और एकता का मजबूत संदेश

निश्चय टाइम्स | न्यूज डेस्क

सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता के सशक्त संदेश के साथ सिंधी यूथ क्लब सोसायटी, लखनऊ की अप्रैल माह की मासिक आम सभा उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुई। इस आयोजन में युवाओं और प्रबुद्धजनों की सक्रिय भागीदारी ने समाज में आपसी सहयोग, प्रेम और समरसता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग के पर्यवेक्षक अशोक कुमार श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने सदस्यों से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में वंचित न रह जाए।

संस्था अध्यक्ष दर्पण लखमानी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान झूलेलाल जी की आरती और दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने भाग लेकर समाज की खुशहाली की कामना की। सभा में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा की गई।

चंदर नगर सरकारी अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति नेहा ने महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए 14–15 वर्ष की बालिकाओं हेतु निःशुल्क टीकाकरण योजना की जानकारी दी। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े डॉ. राम कुमार तिवारी ने बड़े मंगल के आयोजन को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की योजना साझा की। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए प्याऊ और वॉटर कूलर लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोग और युवा सदस्य उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को और मजबूत करते हैं।

Related Articles

Back to top button