लखनऊ

रविवार को भी खुली आधार सेवा, डाकघरों में उमड़ी लोगों की भीड़

लखनऊ डाक विभाग की नई पहल को शानदार समर्थन, 100 नागरिकों ने उठाया लाभ

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

डाक विभाग, लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू की गई रविवार आधार सेवा पहल को पहले ही दिन व्यापक जनसमर्थन मिला। चयनित डाकघरों में रविवार को सुबह 08:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक आधार नामांकन एवं अद्यतन सेवाएं सफलतापूर्वक संचालित की गईं। इस दौरान लगभग 100 नागरिकों ने विभिन्न आधार सेवाओं का लाभ उठाया।

रविवार को लखनऊ जीपीओ, चौक प्रधान डाकघर, इंदिरानगर, गोमतीनगर, अलीगंज, राजेंद्र नगर, आलमबाग तथा आवास विकास कॉलोनी डाकघर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नागरिकों ने विशेष रूप से मोबाइल नंबर अपडेट, पता संशोधन तथा बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सेवाओं के लिए उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अवकाश के दिन सेवा उपलब्ध होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को काफी राहत मिली।

पोस्टमास्टर जनरल, लखनऊ मुख्यालय परिक्षेत्र, श्री सुनील कुमार राय ने बताया कि विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों को अधिक सुगम और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रविवार को आधार सेवाएं शुरू करने का निर्णय जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया था और इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि आज से शुरू हुई इस पहल को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और आने वाले समय में इसे लगातार जारी रखा जाएगा। साथ ही लखनऊ परिक्षेत्र के अन्य जिलों के डाकघरों में भी रविवार के दिन आधार सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

डाक विभाग की यह पहल “डाक सेवा जन सेवा” मिशन को नई गति देने के साथ-साथ नागरिक सेवाओं को आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button