यूपी ईस्ट में ट्राई का बड़ा टेस्ट; गोरखपुर और लखनऊ रेल रूट पर मापी गई मोबाइल सिग्नलों की असली रफ़्तार
TRAI की रिपोर्ट से खुला टेलीकॉम कंपनियों का सच; इंटरनेट स्पीड में जियो अव्वल, कॉल ड्रॉप में बीएसएनएल सबसे पीछे

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क:
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने उत्तर प्रदेश (पूर्व) लाइसेंस सेवा क्षेत्र के तहत गोरखपुर शहर और लखनऊ-गोरखपुर रेल मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता जांचने के लिए एक धुआंधार स्वतंत्र टेस्ट ड्राइव आयोजित की। मई 2026 में किए गए इस 5-दिवसीय (4 से 8 मई) विशेष परीक्षण का उद्देश्य टेलीकॉम ऑपरेटरों (2G, 3G, 4G, 5G) के कॉल ड्रॉप, इंटरनेट स्पीड (डाउनलोड/अपलोड) और नेटवर्क कवरेज की वास्तविक स्थिति को आम उपभोक्ताओं के सामने लाना है।
कवरेज और कॉल ड्रॉप में किसने मारी बाजी? ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक, नेटवर्क कवरेज और कॉल ड्रॉप के मामलों में अलग-अलग ऑपरेटरों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:
- गोरखपुर शहर: इस क्षेत्र में रिलायंस जियो और एयरटेल का नेटवर्क काफी मजबूत रहा। कुल नमूनों में से बीएसएनएल (BSNL) के सबसे ज्यादा 13,582 नमूनों में बेहद कमजोर सिग्नल पाया गया। वहीं, कॉल ड्रॉप के मामले में भी 431 सफल कॉलों में से बीएसएनएल की 22 कॉल ड्रॉप हुईं, जबकि जियो की सिर्फ 2 और एयरटेल की महज 1 कॉल ड्रॉप रिकॉर्ड की गई।
- लखनऊ-गोरखपुर रेल मार्ग: ट्रेन यात्रा के दौरान भी नेटवर्क की हालत खराब दिखी। इस रूट पर बीएसएनएल के 13,622 में से 6,247 नमूनों में खराब सिग्नल मिला और उसकी 25 कॉलें ड्रॉप हुईं।
इंटरनेट स्पीड (थ्रूपुट) का रिपोर्ट कार्ड डेटा डाउनलोडिंग की बात करें तो गोरखपुर शहर में रिलायंस जियो 204.44 Mbps की तूफानी औसत स्पीड के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद एयरटेल 116.48 Mbps और वोडाफोन-आइडिया (Vi) 64.50 Mbps पर रहे, जबकि बीएसएनएल मात्र 5.54 Mbps पर सिमट गया। हालांकि, रेल मार्ग पर सभी ऑपरेटरों की स्पीड थोड़ी कम हो गई, जहां जियो 66.38 Mbps और एयरटेल 38.73 Mbps की डाउनलोड स्पीड दे पाए। अपलोड स्पीड में एयरटेल शहर में 21.49 Mbps के साथ नंबर वन रहा।
ट्राई के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय की देखरेख में हुए इस टेस्ट ड्राइव में 342 किमी की सिटी ड्राइव, 11 हॉटस्पॉट (जैसे एमएमएमयूटी, गोरखनाथ मंदिर) और करीब 296 किमी का रेल रूट कवर किया गया। ट्राई ने यह रिपोर्ट कंपनियों को सौंपते हुए उन्हें अपनी सेवाओं में तुरंत सुधार करने की चेतावनी दी है।



