कानपुर

बरेली जूडो लीग में टीएसएच का शानदार प्रदर्शन

ईडब्ल्यूएस बैच के खिलाड़ियों ने जीते कई मेडल

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

कानपुर के ‘द स्पोर्ट्स हब (TSH)’ के खिलाड़ियों ने बरेली में आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट जूडो लीग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। खास बात यह रही कि टीएसएच के ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) बैच के खिलाड़ियों ने मैट पर दमदार खेल दिखाकर सभी को प्रभावित किया।

यह प्रतियोगिता 25 और 26 मई 2026 को विनायक इंटरनेशनल स्कूल, फरीदपुर, बरेली में आयोजित हुई। इसमें प्रदेश के कई जिलों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टीएसएच के खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और वजन वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते।

अंडर-10 वर्ग में उन्नति तिवारी ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि उन्नति साहू ने रजत पदक अपने नाम किया। अंडर-12 वर्ग में आस्था ने कांस्य पदक जीतकर टीम का गौरव बढ़ाया। अंडर-30 वर्ग में अविका ने स्वर्ण और प्रतुषी ने रजत पदक जीता। वहीं अंडर-36 वर्ग में प्रियंका ने गोल्ड मेडल और अनुभवी गौर ने सिल्वर मेडल हासिल किया। अंडर-40 वर्ग में अवनि ने स्वर्ण और श्रद्धा ने रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता में टीएसएच का दबदबा कायम रखा।

टीएसएच प्रबंधन के अनुसार खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, आधुनिक प्रशिक्षण और अनुशासन की बड़ी भूमिका रही। कोच सूरज बी. थापा के मार्गदर्शन में खिलाड़ी तकनीकी कौशल, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर लगातार काम कर रहे हैं।

संस्था आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है, ताकि उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सके। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर टीएसएच परिवार में खुशी का माहौल है।

Related Articles

Back to top button