अब 360 डिग्री लाइव मॉनिटरिंग से होगी बाढ़ परियोजनाओं की निगरानी
बाढ़ सुरक्षा कार्यों पर सरकार की हाईटेक नजर, जल शक्ति मंत्री ने ISO का किया निरीक्षण

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
Swatantra Dev Singh ने लखनऊ के तेलीबाग स्थित सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के सूचना प्रणाली संगठन (ISO) का निरीक्षण कर प्रदेश में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था और तकनीकी प्रणालियों का जायजा लिया।
जल शक्ति मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की निगरानी अब आधुनिक तकनीक के जरिए की जा रही है। परियोजना स्थलों पर कैमरे लगाए गए हैं जिन्हें ISO द्वारा विकसित वेबसाइट से जोड़ा गया है। इससे लखनऊ मुख्यालय और जिला स्तर से परियोजनाओं की 360 डिग्री ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग संभव हो रही है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से कई जिलों में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों को लाइव देखा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से काम की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ेगी तथा अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं ताकि बारिश के मौसम में जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि बाढ़ प्रबंधन सूचना प्रणाली केंद्र मानसून के दौरान प्रतिदिन 11 गेज स्थलों पर जलस्तर का पूर्वानुमान जारी करता है। इसके अलावा सैटेलाइट इमेज की मदद से तटबंधों की स्थिति पर नजर रखी जाती है और मानसून के बाद सुरक्षा संबंधी सलाह भी जारी की जाती है।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नई तकनीकों के अधिक उपयोग पर जोर देते हुए अधिकारियों को बाढ़ पूर्वानुमान प्रणाली को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य तकनीक की मदद से बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता अशोक कुमार सिंह, मुख्य अभियंता सुभाष सिंह और सूचना प्रणाली संगठन के कई अधिकारी मौजूद रहे।



