Uncategorized

ईद-उल-अजहा पर रोडवेज की विशेष तैयारी

बसों की फिटनेस, सफाई और यात्रियों की सुरक्षा पर सरकार का फोकस

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

ईद-उल-अजहा के मौके पर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा सुविधा देने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Dayashankar Singh ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी बसों की फिटनेस और तकनीकी जांच तुरंत पूरी की जाए, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंत्री ने कहा कि जिन बसों में कोई कमी मिले, उनकी मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए और फिटनेस प्रमाणित होने के बाद ही उन्हें सड़क पर उतारा जाए। साथ ही सभी बसों को ऑन-रोड स्थिति में रखते हुए शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस अड्डों पर बैठने की बेहतर व्यवस्था, साफ पेयजल, स्वच्छ शौचालय और सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। शौचालयों के आसपास चूने का छिड़काव कराने और बसों को साफ-सुथरी स्थिति में चलाने पर भी जोर दिया गया है।

परिवहन मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बसों के टूटे शीशे और फटी सीटों वाली गाड़ियों को मार्ग पर नहीं भेजा जाएगा। सभी बसों का निरीक्षण कर सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा चालक और परिचालकों को यात्रियों के साथ शिष्ट और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को समय-समय पर व्यवहार संबंधी प्रशिक्षण भी देने की बात कही गई है।

त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बसों में ज्वलनशील और प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी बसों में फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराने और बस स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली को सक्रिय रखने के भी आदेश दिए गए हैं।

परिवहन मंत्री ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें और सुरक्षित यात्रा में निगम का सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button