उत्तर प्रदेश

सौर ऊर्जा क्रांति का परचम: पीएम सूर्य घर योजना में उत्तर प्रदेश ने देश में हासिल किया नंबर-वन मुकाम,

ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने किया गौरवान्वित!

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक ऐतिहासिक और स्वर्णिम कीर्तिमान रच दिया है। इस गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में यूपीनेडा (UPNEDA) कार्यालय में आयोजित एक भव्य एवं गरिमामयी अभिनंदन कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मंत्री महोदय को उनके दूरदर्शी और कुशल मार्गदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विजन की जीत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने इस अभूतपूर्व सफलता का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी विजन और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के सशक्त नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि यह नंबर-वन का मुकाम किसी एक व्यक्ति या संस्था की मेहनत नहीं, बल्कि यूपीनेडा के कर्मठ अधिकारियों, कर्मचारियों, सोलर स्टेकहोल्डर्स और प्रदेश की जागरूक जनता के समन्वित प्रयासों का स्वर्णिम प्रतिफल है। मंत्री जी ने याद दिलाया कि जब रूफटॉप सोलर की शुरुआत हुई थी, तब आंकड़े काफी कम थे, लेकिन आज सामूहिक परिश्रम ने उत्तर प्रदेश को शिखर पर पहुँचा दिया है।

खरगोश की चाल से आगे बढ़ने का संकल्प

श्री शर्मा ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए स्पष्ट किया कि शीर्ष पर पहुँचने के बाद अब रुकने का समय नहीं है। उन्होंने मंत्र दिया कि हमें “खरगोश की चाल से आगे बढ़ना है, लेकिन कछुए और खरगोश की कहानी की तरह रास्ते में रुकना या सोना नहीं है।” ऊर्जा क्षेत्र में व्यापक बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रूफटॉप सोलर केवल बिजली बिल कम करने का जरिया नहीं है, बल्कि यह प्रदूषण मुक्त पर्यावरण और प्रकृति की सच्ची सेवा है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री रणवीर प्रसाद, निदेशक यूपीनेडा श्री रविंद्र कुमार, सचिव श्री पंकज सिंह सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में सोलर स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button