विदेशी यात्रा और सोना खरीदने से एक साल तक परहेज करेंगे विनीत शारदा
ई-रिक्शा से धरना स्थल पहुंचे विनीत शारदा, सपा पर बोला तीखा हमला

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक Vineet Agarwal Sharda बुधवार को बैटरी चालित ई-रिक्शा में सवार होकर पूरे मेरठ शहर का भ्रमण करते हुए भाजपा मेरठ महानगर और जिला इकाई द्वारा आयोजित समाजवादी पार्टी विरोधी संयुक्त धरना-प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
सभा को संबोधित करते हुए विनीत अग्रवाल शारदा ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सोच औरंगजेब, बाबर और जिन्ना जैसी विभाजनकारी मानसिकता से प्रेरित है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के हमीरपुर सांसद द्वारा प्रधानमंत्री Narendra Modi के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग बेहद निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल एक राजनीतिक दल के नेता नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों के प्रधानमंत्री हैं। विनीत शारदा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav से मांग की कि वे अपने सांसद को तत्काल पार्टी से निष्कासित करें और सार्वजनिक रूप से देश की जनता से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो यह माना जाएगा कि पार्टी नेतृत्व की सहमति से ही प्रधानमंत्री और सनातन संस्कृति के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के आदर्शों पर आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री मोदी उन्हीं आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्रसेवा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लगातार सनातन धर्म और हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने का काम कर रही है, जिसका जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में देगी।
विनीत शारदा ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेशों — पेट्रोल-डीजल की बचत, विदेशी यात्राओं में कमी, अनावश्यक सोना खरीदने से बचने और भारत में डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा देने — को राष्ट्रहित से जुड़ा कदम बताया। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से इन संदेशों को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि वे अगले एक वर्ष तक कोई विदेशी यात्रा नहीं करेंगे, सोना नहीं खरीदेंगे और केवल ईवी कार, बैटरी स्कूटी, मेट्रो, रैपिड रेल और ई-रिक्शा जैसे पर्यावरण अनुकूल साधनों का ही उपयोग करेंगे।



