लखनऊ

जिला कारागार लखनऊ में लीगल हेल्प डेस्क की शुरुआत

महिला बंदियों को चश्मे, बंदियों के परिजनों को मिली विधिक सहायता

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक service प्राधिकरण, लखनऊ के एक्शन प्लान 2026-27 के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा शुक्रवार को जिला कारागार लखनऊ में विशेष निरीक्षण एवं जनहित कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस पहल का उद्देश्य बंदियों और उनके परिजनों को सरल एवं सुलभ विधिक सहायता उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कारागार परिसर के बाहर बंदियों के परिजनों की सुविधा हेतु लीगल हेल्प डेस्क स्थापित की गई। इस डेस्क के माध्यम से लोगों को निशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों एवं न्यायिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि न्याय तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से जरूरतमंद लोगों को समय पर कानूनी सहायता मिल सकेगी।

इस अवसर पर ऑल इंडिया पयामे इंसानियत फोरम द्वारा बंदियों के उपयोग के लिए एक वाटर कूलर उपलब्ध कराया गया, वहीं महिला बंदियों के लिए नजर के 30 चश्मों का वितरण भी किया गया। सचिव ने लीगल हेल्प डेस्क एवं वाटर कूलर का उद्घाटन रिबन काटकर किया।

इसके बाद जिला कारागार स्थित महिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया, जहां महिला बंदियों को चश्मे वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल से महिला बंदियों को दैनिक जीवन में काफी सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधीक्षक आर०के० जायसवाल, जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी, राजेश कुमार, सुनील दत्त मिश्रा, अभय शुक्ला, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, फोरम के सदस्य एवं बंदियों के परिजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button