यूपी में परिवहन क्रांति! सीएम योगी ने दिखाई 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी, अब लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट का सफर होगा सुपरफास्ट!

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
! ‘नए भारत’ का ‘नया उत्तर प्रदेश’ अब न सिर्फ वर्ल्ड क्लास सड़कों बल्कि बेहतरीन एयर और ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए भी दुनिया भर में तहलका मचा रहा है। सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने राजधानी लखनऊ से गौतमबुद्ध नगर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में जेवर एयरपोर्ट तक जाने वाली ‘उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम’ (UPSRTC) की 45 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर दिया है। इसके साथ ही नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी भव्य शुभारंभ हो चुका है।
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि पहले हमें इलेक्ट्रिक बसें बाहर के राज्यों या देशों से मंगानी पड़ती थीं, लेकिन अब हमारा उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर बन चुका है। प्रदेश में 2 नए ‘इलेक्ट्रिक बस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट’ स्थापित हो चुके हैं, जहाँ अब ये बसें खुद तैयार हो रही हैं। इतना ही नहीं, YEIDA क्षेत्र में प्रदूषण मुक्त सफर के लिए 3 हाई-टेक हाइड्रोजन बसों का संचालन भी आज से शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए लास्ट माइल कनेक्टिविटी का बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि 15 जून तक सड़कों पर 110 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने लगेंगी और भविष्य में गौतमबुद्ध नगर में पूरे 500 इलेक्ट्रिक बसों को चलाने का महा-लक्ष्य है।
परिवहन के साथ-साथ सीएम योगी ने यूपी के रक्षा क्षेत्र में बढ़ते दबदबे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश को ‘यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर’ मिला है, जिसमें 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। देश की आन-बान-शान और दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाली ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ हमारे अपने लखनऊ में बन रही है, जिसका लोहा पूरी दुनिया मानती है। इसके साथ ही यूपी में ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग का भी एक बहुत बड़ा क्लस्टर तेजी से विकसित हो रहा है।


