उत्तर प्रदेशराजनीति

अब कोई भी राजनीतिक दल संसद भवन के द्वार पर नहीं करेगा धरना या प्रदर्शन : लोकसभा अध्यक्ष

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को सदन में घोषणा करते हुए कहा कि कोई भी राजनीतिक दल, संसद सदस्य या सदस्यों का समूह संसद भवन के द्वार पर धरना या प्रदर्शन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संसद परिसर और उसकी प्रतिष्ठित संस्था की गरिमा को बनाए रखना सभी सांसदों की जिम्मेदारी है।

अध्यक्ष बिरला ने कहा कि संसद क्षेत्र में किसी भी दरवाजे पर धरना-प्रदर्शन करना सही नहीं है। अगर कोई सदस्य या समूह ऐसा करता है, तो इसका असर उनकी प्रतिष्ठा पर पड़ेगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इस प्रकार की गतिविधियों से सदन की कार्यवाही और संसद की गरिमा को नुकसान पहुंचता है, जिससे लोकतंत्र की भावना प्रभावित होती है।

उन्होंने सांसदों ने आग्रह किया कि वह सदन की गरिमा बनाए रखें और किसी भी प्रकार के प्रदर्शन से बचें। उन्होंने सांसदों की जिम्मेदारी याद दिलाते हुए कहा कि संसद लोकतंत्र का मंदिर है, और इसका सभी को आदर करना चाहिए। बता दें गुरुवार को संसद भवन परिसर में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के दो सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत सीढ़ियों से गिरकर चोटिल हो गए थे। बीजेपी सांसदों का आरोप है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उन्हें धक्का दिया। हालांकि, कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था।

इस घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दोनों चोटिल सांसदों का हालचाल भी जाना था। धक्का-मुक्की कांड पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा था कि राहुल गांधी बीआर आंबेडकर की फोटो लेकर शांति पूर्वक जय भीम के नारे लगाते हुए संसद में जा रहे थे। संसद में जाने से किसने रोका? हम इतने दिनों से साइड में प्रदर्शन कर रहे हैं। जो भी आ रहा है, जा रहा है, उसके लिए पूरा रास्ता है। इन्होंने पहली बार प्रदर्शन किया और सबको रोक दिया, धक्का-मुक्की और गुंडागर्दी की। अमित शाह को बचाने के लिए यह साजिश हुई है।

Related Articles

Back to top button