गोरखपुर को खेल और सेवा का तोहफा: मुख्यमंत्री योगी करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार (3 जनवरी) को गोरखपुरवासियों को दो नई सौगातें देने जा रहे हैं। इनमें भाटी विहार कॉलोनी में बने शहर के पहले मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण और ट्रांसपोर्टनगर (टीपीनगर) में नगर निगम द्वारा निर्मित रैन बसेरे का उद्घाटन शामिल है |
भाटी विहार कॉलोनी में स्थित मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा 2 एकड़ भूमि पर 5.23 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसका पूरा खर्च मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधायक निधि (विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि) से किया गया। निर्माण कार्य 24 जुलाई 2023 को शुरू हुआ था और अब इसका लोकार्पण खेल प्रतिभाओं के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि इस कॉम्प्लेक्स में इंडोर और आउटडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
- इंडोर गेम्स: जिम, बैडमिंटन कोर्ट, राइफल और पिस्टल शूटिंग रेंज, मल्टी परपज हॉल।
- आउटडोर गेम्स: 300 मीटर का सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, लॉन टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, कुश्ती कोर्ट, और क्रिकेट नेट प्रैक्टिस रेंज।
- अन्य सुविधाएं: खिलाड़ियों के लिए टॉयलेट ब्लॉक, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पूर्वाह्न काल ट्रांसपोर्टनगर (टीपीनगर) में नगर निगम द्वारा निर्मित रैन बसेरे का लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर गरीबों और असहाय लोगों के बीच कंबल भी वितरित किए जाएंगे। यह रैन बसेरा जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने के उद्देश्य से बनाया गया है और इसमें ठहरने की पर्याप्त सुविधाएं हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को खेल और सेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का जो वादा किया था, वह इन परियोजनाओं से साकार होता दिख रहा है। मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खेल प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा, जबकि रैन बसेरा जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए एक वरदान साबित होगा।


