पर्यावरण

प्रदेश में ठंड बढ़ी, अगले हफ्ते तक तापमान में और गिरावट की संभावना

उत्तर प्रदेश में ठंड ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है। पश्चिमी हिमालय में हुई ताज़ा बर्फबारी के बाद उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आसमान साफ़ रहने से रात के समय विकिरणीय शीतलन बढ़ गया है, जिससे न्यूनतम तापमान में लगातार कमी आ रही है। मध्य भारत पर बने प्रतिचक्रवात (एंटी साइक्लोन) के प्रभाव से ठंडी हवाओं का अधोगमन जारी है। इन कारणों से प्रदेश के कई इलाकों में दिन और रात का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया है। विभाग के वैज्ञानिक डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि आने वाले एक सप्ताह तक ठंड में और इजाफा होगा। कुछ स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है, जिससे हल्की शीत लहर (मार्जिनल कोल्ड वेव) की स्थिति बन सकती है। दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1 से 4 डिग्री कम रहने की संभावना है। विभाग ने किसानों, बुजुर्गों और बच्चों को सुबह व रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button