क्राइम

ओवरटेक विवाद में सेना के जवान की हत्या

निश्चय टाइम्स, प्रयागराज। यमुनानगर जोन के करछना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए रोड़रेज ने एक परिवार की खुशियाँ पलभर में छीन लीं। शादी में शामिल होने के लिए घर आए सेना के जवान पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जवान ने सोमवार को लखनऊ के मिलिट्री अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मचा है। धरवारा निवासी उमाकांत सिंह ने बताया कि उनका छोटा बेटा विवेक सिंह (28 वर्ष)—जो दिल्ली में सेना में तैनात थे—29 नवंबर को अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने गाँव आए थे।

शनिवार रात करीब 2 बजे विवेक अपने मित्र विनय जैन को गाँव के ही करण सिंह के साथ कार से कोहड़ार बाजार छोड़ने गए थे। वापसी के दौरान धरवारा मोड़ के पास बारात से लौट रही एक स्कॉर्पियो में सवार युवकों से ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ते ही स्कॉर्पियो सवार युवकों ने लाठी-डंडों से विवेक पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से विवेक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर करछना पुलिस ने हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने पाँच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Back to top button