नवयुग कन्या महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान, उभरती महिला स्कॉलर्स को मिला करियर मंत्र
निश्यच टाइम्स | न्यूज डेस्क (डी.एफ.)

आत्मनिर्भरता, नेटवर्किंग और स्पष्ट लक्ष्य—सफल करियर की तीन मजबूत आधारशिलाएं
नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेन्द्र नगर, लखनऊ में “Beyond Ordinary: Structured Decision Making and Career Strategy for Emerging Women Scholars” विषय पर एक विशेष अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता अमेरिका से आईं डॉ. अनामिका बाजपेई, फाउंडर डायरेक्टर, Vedanta Center for Academic and Professional Mentorship Excellence (V-CAP Mentorship) रहीं।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. मंजुला उपाध्याय ने दिया, जबकि मंच संचालन डॉ. विनीता सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) और मिशन शक्ति टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डॉ. बाजपेई ने अपने व्याख्यान में संरचित निर्णय-निर्माण (Structured Decision Making), कौशल विकास और करियर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य की स्पष्टता, वित्तीय स्वतंत्रता और पेशेवर पहचान विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सत्र के दौरान छात्राओं ने अपने करियर लक्ष्यों को साझा किया—किसी ने वैज्ञानिक संप्रेषण, किसी ने औषधि कंपनियों में चिकित्सकीय लेखन, तो किसी ने न्यायालयिक विज्ञान, जैव-प्रौद्योगिकी, जैव-चिकित्सा और अनुसंधान कार्यक्रमों को अपने भविष्य का मार्ग बताया।
विशेष रूप से छात्राओं को डिजिटल युग में पेशेवर नेटवर्किंग के महत्व से अवगत कराया गया। वक्ता ने प्रत्येक छात्रा को अपना लिंक्डइन प्रोफाइल बनाने की सलाह दी, ताकि वे अपने कौशल और उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर सकें और अंतरराष्ट्रीय अवसरों से जुड़ सकें।
आत्मचिंतन के लिए तीन प्रमुख बिंदु रखे गए—वित्तीय आत्मनिर्भरता, करियर प्रगति हेतु कौशल वृद्धि, तथा जीवनवृत्त में स्पष्ट लक्ष्य और नेटवर्किंग का महत्व।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रो. संगीता कोतवाल (IQAC संयोजक) द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। यह व्याख्यान न केवल अकादमिक रूप से उपयोगी रहा, बल्कि छात्राओं को करियर नियोजन, पेशेवर सहयोग और डिजिटल पहचान निर्माण की व्यवहारिक समझ भी प्रदान कर गया।



