आज की नारी अबला नहीं, हर क्षेत्र में अग्रणी”
छात्राओं ने दिखाई सेवा, संस्कृति और स्वावलंबन की ताकत

निश्चय टाइम्स न्यूज नेटवर्क | डीएफ हिंदी
लखनऊ के प्रतिष्ठित नवयुग कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन शुक्रवार को ऐशबाग स्थित रामलीला मैदान ऐशबाग में भव्य समारोह के साथ हुआ। शिविर के सातवें दिन छात्राओं ने सेवा, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा शिविर स्थल की साफ-सफाई से हुई। इस दौरान नशा मुक्ति जैसे सामाजिक विषयों पर प्रेरणादायक पोस्टर बनाकर समाज को जागरूक करने का प्रयास भी किया गया। इसके बाद छात्राओं ने समापन समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
दोपहर बाद आयोजित मुख्य समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय और मुख्य अतिथि प्रोफेसर मनोज पाण्डेय (लुआक्टा अध्यक्ष) सहित कई शिक्षाविद और अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर छात्राओं ने लोकगीतों पर सामूहिक नृत्य, गणेश वंदना, लघु नाटक, भाषण और एनएसएस के लक्ष्य गीत पर प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सामाजिक संदेश और युवा ऊर्जा का शानदार संगम पेश किया।
अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने कहा कि शिविर के दौरान छात्राओं को जो हस्तकला और कौशल सिखाए गए हैं, वे भविष्य में उनके रोजगार का आधार बन सकते हैं। इससे छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिलेगा।
मुख्य अतिथि प्रो. मनोज पांडेय ने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है। उन्होंने कहा कि अब “अबला नारी” की पुरानी परिभाषा समाप्त हो चुकी है और महिलाएँ समाज, शिक्षा और नेतृत्व के हर क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. श्वेता उपाध्याय, डॉ. मनीषा बड़ौनियां, डॉ. चंदन मौर्य और कुमारी दीक्षा ने सात दिनों तक छात्राओं के अनुशासन और सेवा भावना की सराहना की।
समारोह के अंत में छात्राओं द्वारा तैयार रचनात्मक कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अतिथियों ने खूब सराहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुआ।



