शिक्षा

जन भवन बना शिक्षा का मॉडल—राज्यपाल-सीएम ने किया 5.17 करोड़ के आधुनिक विद्यालय का उद्घाटन

जन भवन बना शिक्षा का मॉडल—राज्यपाल-सीएम ने किया 5.17 करोड़ के आधुनिक विद्यालय का उद्घाटन AI लैब से स्पेस लैब तक: लखनऊ में तैयार हुआ भविष्य का स्मार्ट स्कूल, बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री


निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

लखनऊ में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। करीब 5.17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक विद्यालय के साथ ही ‘हमारा जन भवन’ पुस्तक का भी विमोचन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नई स्कूल बस की चाबी प्रधानाचार्य और चालक को सौंपी गई, जिससे विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्रीगण और अधिकारी मौजूद रहे।

विद्यालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लैब, रोबोटिक्स लैब, वाई-फाई युक्त कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और आंगनबाड़ी कक्ष शामिल हैं। खास आकर्षण ‘सुनीता विलियम्स स्पेस लैब’ रही, जहां बच्चों ने अपने मॉडल प्रस्तुत कर अतिथियों को प्रभावित किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासा और ज्ञान की सराहना की।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में नामांकन बढ़ाने और अधिक से अधिक बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का सशक्तीकरण सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है और इन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह विद्यालय बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के लिए एक आदर्श मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने वैज्ञानिकों और महापुरुषों का उदाहरण देते हुए बच्चों को जिज्ञासु और परिश्रमी बनने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “भारत दर्शन” और सरस्वती वंदना विशेष आकर्षण रहे।

Related Articles

Back to top button