“कम फीस में बड़ा करियर: कंपनी सेक्रेटरी कोर्स में लाखों की मांग, युवाओं के लिए सुनहरा मौका”
“4 साल में बनें कॉरपोरेट एक्सपर्ट: ICSI ने बताया—₹50-70 हजार में पूरा CS कोर्स, नौकरी की अपार संभावनाएं”

(निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क)
लखनऊ में आयोजित एक प्रेस वार्ता में भारतीय कंपनी सचिव संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी. चंडक ने कंपनी सेक्रेटरी (CS) को देश के सबसे उभरते करियर विकल्पों में से एक बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में एक लाख से अधिक पेशेवरों की कमी है। उन्होंने कहा कि यह कोर्स न केवल किफायती है, बल्कि इसमें करियर की संभावनाएं भी बेहद व्यापक हैं।
उन्होंने बताया कि CS कोर्स तीन चरणों—CSEET, एग्जीक्यूटिव और प्रोफेशनल—में पूरा होता है। इसकी कुल फीस लगभग ₹50,000 से ₹70,000 के बीच है, जिसमें स्टडी मटेरियल, फैकल्टी सपोर्ट और ऑनलाइन-ऑफलाइन क्लासेस संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जाती हैं। प्रत्येक परीक्षा के लिए ₹1,500 का अतिरिक्त शुल्क देना होता है।
पूर्व अध्यक्ष अभिषेक सिन्हा ने कहा कि 12वीं के बाद किसी भी स्ट्रीम के छात्र इसमें प्रवेश ले सकते हैं और नियमित अध्ययन के साथ इसे आसानी से पास किया जा सकता है। लखनऊ चैप्टर के अध्यक्ष मोहित चंद्र शर्मा ने बताया कि ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन क्लासेस की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे दूरदराज के छात्र भी लाभान्वित हो सकें।
सेमिनार में कॉरपोरेट गवर्नेंस के महत्व पर भी जोर दिया गया। इस दौरान केंद्रीय परिषद सदस्य मनोज पूर्वे और धनंजय शुक्ला ने भी अपने विचार साझा किए और युवाओं से इस क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत कॉरपोरेट गवर्नेंस ही कंपनियों की स्थिरता और विश्वसनीयता की आधारशिला है।
उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 20,000 से अधिक छात्र CS की पढ़ाई कर रहे हैं, जो इस क्षेत्र की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कोर्स न केवल सस्ता है, बल्कि युवाओं को सीधे कॉरपोरेट बोर्ड स्तर पर काम करने का अवसर भी प्रदान करता है।



