राजनीति

कल्याण मंडप है जनता के कल्याण का उद्घोष, ढाई करोड़ से चमकेगी सुदर्शनपुरी: डॉ. दिनेश शर्मा

अटल शताब्दी वर्ष में हडको के सीएसआर फंड से होगा पुनर्निर्माण; भाजपा सरकार में बढ़ा वाल्मीकि और धानुक समाज का मान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

लखनऊ। राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कल्याण मंडप केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के कल्याण का वास्तविक उद्घोष है। गरीबों के लिए इस जनकल्याणकारी योजना की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी। उन्हीं की नीतियों के चलते लखनऊ में सफाई कर्मचारियों की सबसे बड़ी आबादी वाली धानुक समाज की बस्ती सुदर्शनपुरी कॉलोनी में पहला कल्याण मंडप बना था। डॉ. शर्मा ऐशबाग के संत सुदर्शनपुरी स्थित नगर निगम कल्याण मंडप के ₹2.50 करोड़ की लागत से होने वाले पुनर्निर्माण कार्य के शिलान्यास समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

इस गरिमामयी अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और भाजपा के तमाम दिग्गज नेता उपस्थित रहे। डॉ. दिनेश शर्मा ने घोषणा की कि वर्तमान में अटल शताब्दी वर्ष चल रहा है, जिसके उपलक्ष्य में उन्होंने हडको (HUDCO) के सीएसआर फंड से ढाई करोड़ रुपये की लागत से इस कल्याण मंडप के भव्य पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कराया है, जिसकी कार्यदायी संस्था नगर निगम लखनऊ है। उन्होंने राजधानी में विकास कार्यों की गंगा बहाने के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर निगम की पूरी टीम की जमकर सराहना की।

डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार की यह विशेषता है कि वह जिन कार्यों का शिलान्यास करती है, समय से उनका उद्घाटन भी करती है। भाजपा के विकास कार्यों की गुणवत्ता ऐसी होती है कि जनता बरसों-बरसों तक उनका लाभ उठाती है। उन्होंने रक्षा मंत्री व स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह के कार्यकाल में हुए ऐतिहासिक विकास को भी याद किया। सांसद डॉ. शर्मा ने तुरंत एक्शन लेते हुए सुदर्शनपुरी कॉलोनी में 6 सोलर लाइट, एक हाई मास्ट लाइट और एक वाटर कूलर तत्काल लगवाने के आदेश जारी किए। वहीं, महापौर सुषमा खर्कवाल ने संकल्प लिया कि आगामी 15 नवंबर तक उच्च गुणवत्ता के साथ इस कल्याण मंडप का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा।

अपने पड़ोस में रहने वाले धानुक और कनौजिया धोबी समाज को अपना परिवार बताते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में यहाँ के लोगों का जीवन स्तर बहुत बेहतर हुआ है और बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक कदम को याद करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने प्रयागराज कुंभ के दौरान वाल्मीकि और धानुक समाज के भाइयों के चरण धोकर उन्हें जो सम्मान दिया, उसने संदेश दिया कि समाज का हर नागरिक वंदनीय है।

इस शिलान्यास समारोह में भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मुन्ना सिंह धानुक, हडको के क्षेत्रीय प्रमुख नरेश कुमार, रजनीश गुप्ता बॉबी, पार्षद संदीप शर्मा, अजय दीक्षित, राहुल मिश्र और राजीव त्रिपाठी सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button