अखिलेश यादव का बड़ा आरोप: बिजली बिल में लगा ‘इलेक्शन सरचार्ज’
2027 चुनाव के तिकड़मी खर्चों के लिए जनता की जेब काट रही भाजपा: सपा

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क,
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला बोलते हुए बिजली की बढ़ी दरों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि बिजली के बिलों में की गई बढ़ोतरी असल में कुछ और नहीं, बल्कि भाजपा द्वारा 2027 के विधानसभा चुनाव के तिकड़मी और अंदरूनी खर्चों की व्यवस्था के लिए लगाया गया ‘इलेक्शन सरचार्ज’ है। जून महीने से जब जनता के हाथों में बिजली का बढ़ा हुआ बिल आएगा, तो लोगों की आंखों के आगे अंधेरा छा जाएगा।
अखिलेश यादव ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि बिजली के इस बढ़े हुए बिल में सीधे तौर पर भाजपा का कमीशन बढ़ा है। आज प्रदेश में महंगाई पहले ही अपने चरम पर है, इसके बावजूद सरकार लगातार दाम बढ़ाकर आम जनता की कमर तोड़ रही है। डीजल, पेट्रोल, बिजली और गैस सिलेंडर के दाम हर दिन आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग पूरी तरह बेबस हो चुका है।
पूंजीपतियों के इशारे पर चल रही सरकार, 2027 में जनता सिखाएगी सबक सपा राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी द्वारा जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। महंगाई कम करने का झूठा वादा कर सत्ता में आई यह सरकार केवल पूंजीपतियों के हित में नीतियां बना रही है। सरकार गरीबों की जेब से गाढ़ी कमाई का पैसा निकालकर कॉरपोरेट मित्रों की तिजोरियां भर रही है और फिर उनसे मोटे चंदे और कमीशन वसूल रही है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा पूरी तरह से गरीब और किसान विरोधी है। प्रदेश की त्रस्त जनता अब मन बना चुकी है और साल 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़कर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी, तभी सूबे को इस बेतहाशा महंगाई से निजात मिलेगी।



