क्राइम

हापुड़ डकैती पर भड़के विनीत शारदा: एसपी को 48 घंटे का अल्टीमेटम

योगीराज में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं, या तो जेल जाएंगे या यमराज के पास: भाजपा

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

हापुड़ के जाने-माने व्यापारी और वरिष्ठ समाजसेवी नरेंद्र अग्रवाल “वुड वाले” के आवास पर बीती रात हुई दुस्साहसिक डकैती की घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। वारदात की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री विनीत अग्रवाल शारदा तुरंत पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पर पहुँचे। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती कविता माघरे और क्षेत्रीय संयोजक श्री विनोद गुप्ता सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

पीड़ित परिवार ने बताया कि देर रात चार हथियारबंद बदमाश घर में घुसे और पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी और करीब डेढ़ किलो सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए विनीत अग्रवाल शारदा मौके पर ही बेहद आक्रोशित नजर आए। उन्होंने अपने पुराने तेवर दिखाते हुए तत्काल हापुड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) को फोन लगाया और सख्त लहजे में 48 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार करने व लूटे गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी का अल्टीमेटम दे दिया।

2017 से पहले का गुंडाराज खत्म, व्यापारियों पर आंच बर्दाश्त नहीं एसपी से वार्ता के दौरान भाजपा नेता ने दो टूक कहा, “यह आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का उत्तर प्रदेश है, जहाँ कानून का राज कायम है। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में लूट, डकैती और रंगदारी का माहौल था, लेकिन आज अपराधी या तो जेल में हैं या यूपी छोड़ चुके हैं। जो बचे हैं, उन्हें यमराज के पास पहुँचाने का काम हमारी पुलिस बखूबी कर रही है।”

उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार में व्यापारियों के मान-सम्मान और सुरक्षा पर चोट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हर नागरिक, माता-बहनें और व्यापारी पूरी तरह सुरक्षित हैं और इस घटना के दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोरतम कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी।

Related Articles

Back to top button