राजनीति

मिशन 2027 के लिए जदयू का महामंथन: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की बिसात बिछी, प्रत्याशियों की समीक्षा प्रक्रिया शुरू

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश की राजनीतिक हलचल के बीच जनता दल (यूनाइटेड) ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है। शनिवार को सहकारिता भवन के चौधरी चरण सिंह सभागार में जदयू की प्रदेश कार्यकारिणी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और रणनीतिक बैठक संपन्न हुई। प्रदेश अध्यक्ष श्री अनूप सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी एजेंडे और सीटों के चयन को लेकर गहन मंथन किया गया।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की मौजूदगी में होगा राज्य स्तरीय सम्मेलन चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए जदयू ने चरणबद्ध तरीके से मण्डल, जिला और विधानसभा स्तर पर सम्मेलनों की रूपरेखा तैयार की है। इन सम्मेलनों के सफल समापन के बाद एक विशाल राज्य स्तरीय महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय झा विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इसके साथ ही बिहार सरकार के मंत्रियों और केंद्रीय नेतृत्व के विधानसभा स्तर पर व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम तय किए गए हैं।

इच्छुक उम्मीदवारों से मांगे गए नाम, बूथ स्तर पर होगी समीक्षा जदयू ने उत्तर प्रदेश की सियासी जमीन पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हुए सभी जिलों और प्रदेश पदाधिकारियों से संभावित व इच्छुक प्रत्याशियों के नाम समीक्षा हेतु आमंत्रित करने का बड़ा फैसला लिया है। पार्टी आलाकमान जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार की बारीकी से जांच कर रहा है। इस पूरी समीक्षा प्रक्रिया के पूर्ण होने के उपरांत ही जदयू उत्तर प्रदेश में अपने चुनावी क्षेत्रों की औपचारिक घोषणा करेगी।

“2027 की सरकार में किंगमेकर की भूमिका निभाएगी जदयू” — अनूप सिंह पटेल कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री अनूप सिंह पटेल ने दावों के साथ कहा, “जनता दल (यूनाइटेड) वर्ष 2027 का चुनाव पूरी सांगठनिक ताकत और आक्रामकता के साथ लड़ने जा रही है। प्रदेश में बनने वाली अगली सरकार में जदयू की भूमिका बेहद निर्णायक और महत्वपूर्ण होगी।”

नीतीश कुमार के ‘बिहार विकास मॉडल’ से यूपी फतह करने की तैयारी बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता माननीय श्री श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों में बिहार में हुए सुशासन, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार का जनकल्याणकारी मॉडल आज पूरे देश के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इस विकासवादी सोच को उत्तर प्रदेश के गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाकर पार्टी का जनाधार मजबूत करें।

Related Articles

Back to top button