शिक्षा

ज्ञान का महाकुंभ, सफलता का स्वर्णिम उत्सव

22 जुलाई को एसआरएमयू का भव्य दीक्षांत समारोह

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

शिक्षा, उत्कृष्टता और उपलब्धियों का ऐतिहासिक उत्सव बनने जा रहा श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू) का भव्य दीक्षांत समारोह आगामी 22 जुलाई को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित होगा। यह समारोह केवल डिग्रियों के वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के संघर्ष, समर्पण और सफलता का गौरवशाली उत्सव बनेगा।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इं. पंकज अग्रवाल एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष 7,519 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जबकि 405 मेधावी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें 232 स्वर्ण पदक और 165 रजत पदक शामिल हैं।

समारोह की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि चार शैक्षणिक सत्रों के सभी कुलाधिपति एवं प्रति-कुलाधिपति पदक छात्राओं ने अपने नाम किए हैं। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की महिला शिक्षा, समान अवसर और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को मजबूती से स्थापित करती है।

दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) भूषण पटवर्धन, कुलाधिपति, डेक्कन कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), पुणे एवं राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर, आयुष मंत्रालय होंगे। वहीं पूर्व महानिदेशक, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद अखिलेश मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत शैक्षणिक शोभायात्रा, दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् और विश्वविद्यालय कुलगीत से होगी। इसके बाद उपाधियों एवं पदकों का वितरण, कुलाधिपति का संबोधन और मुख्य अतिथि का प्रेरक दीक्षांत भाषण समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगा।

वर्ष 2012 में स्थापित एसआरएमयू आज 11 संस्थानों में 12,000 से अधिक विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और नैतिक मूल्यों के माध्यम से ऐसे युवाओं का निर्माण कर रहा है, जो भविष्य के नेतृत्व की मजबूत पहचान बन सकें।

Related Articles

Back to top button