भाजपा समर्थकों का मोहभंग: अखिलेश यादव का तीखा हमला

निश्चय टाइम्स न्यूज़ डेस्क
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा के कृत्यों से अब उसके अपने ही समर्थक शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा अपने लोगों को प्रदर्शनकारियों के बीच भेजकर युवाओं को बदनाम करने में लगी है, वहीं दूसरी तरफ ‘भाजपाई’ कहे जाने पर चिढ़ रही है।
जनता के दिलों से उतरती भाजपा: अखिलेश
श्री यादव ने कहा कि जिन लोगों के घर, दुकान और गाड़ियों से भाजपा के झंडे उतर रहे हैं, जल्द ही उनके दिलों से भी भाजपा उतर जाएगी। अयोध्या में दान-चोरी, दिल्ली में बच्चियों पर प्रहार, युवाओं पर हिंसा और लखनऊ अग्निकांड में पीड़ित मां के साथ हुए दुर्व्यवहार जैसी घटनाओं से जनता का विवेक जाग चुका है।
व्हाट्सएप ग्रुप ठंडे, समर्थकों में मायूसी
सपा प्रमुख ने कहा कि अब भाजपा के ‘पेड’ और ‘अनपेड’ समर्थक भी जनाक्रोश के डर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। जिन्होंने 10-12 वर्षों तक कुतर्कों से भाजपा का बचाव किया और अपने अपनों से रिश्ते बिगाड़े, वे आज भाजपा की कारस्तानियों से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
‘अमृतकाल’ बना समर्थकों के लिए ‘विषकाल’
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को खत्म करने, कमीशनखोरी, भर्ती-परीक्षाओं में धांधली, बुलडोजर-एनकाउंटर के दुरुपयोग और संविधान को मिटाने की कोशिशों ने भाजपा का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि तथाकथित ‘अमृतकाल’ अब समर्थकों के लिए अपमान के जहर का घूंट पीने वाला ‘विषकाल’ बन गया है।



