राजनीति

“उपचुनाव का जनादेश भाजपा के लिए चेतावनी” : अखिलेश यादव

'12 साल की सरकार को जनता ने दिया रिटर्न गिफ्ट', 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा

उपचुनाव परिणाम पर भाजपा पर तीखा हमला

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उपचुनाव परिणामों को भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जनाक्रोश का स्पष्ट संकेत बताते हुए कहा कि “भाजपा को 12 वर्षों की सरकार का रिटर्न गिफ्ट मिल गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव में भाजपा यह परख रही थी कि बिना किसी कथित अनियमितता के उसे जनता कितना समर्थन देती है, लेकिन परिणामों ने जनता की नाराजगी को उजागर कर दिया।

दतिया में INDIA गठबंधन की जीत पर जताई खुशी

संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में INDIA गठबंधन की जीत पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मध्य प्रदेश और झांसी संगठन के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पूरी जिम्मेदारी के साथ काम किया और गठबंधन की जीत में सक्रिय भूमिका निभाई।

ई-20 पेट्रोल पर सरकार और कंपनियों से सवाल

अखिलेश यादव ने ई-20 पेट्रोल को लेकर भी सरकार और ऑटोमोबाइल कंपनियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि यदि ई-20 वास्तव में लाभकारी है तो वाहन निर्माता कंपनियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना चाहिए। कंपनियों को यह बताना चाहिए कि इससे माइलेज बढ़ता है, रखरखाव खर्च घटता है और उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर जताई चिंता

अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने इसे “महापाप” करार दिया और कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों पर इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया उल्लेख

सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्णय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिन मामलों में न्यायिक प्रक्रिया चल रही है, वे जारी रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने पहले संविधान की भावना के विपरीत जाकर अपने मुकदमे वापस कराए थे।

2027 को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा

अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी जनता के समर्थन से सत्ता परिवर्तन करेगी और प्रदेश में नई राजनीतिक दिशा स्थापित करेगी।

Related Articles

Back to top button