2027 की चुनावी रणभेरी: जदयू ने यूपी में बूथ से लेकर मंडल तक संगठन को दी नई धार
एनडीए के साथ चुनाव लड़ने का ऐलान, सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार पर विशेष जोर

14 मंडलों में प्रभारी नियुक्त, ‘एक बूथ–दस यूथ’ से चुनावी ताकत बढ़ाने की रणनीति
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाते हुए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान में तेजी लाने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
14 मंडलों में संगठन की नई कमान
बैठक में प्रदेश के 14 मंडलों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए। इन प्रभारियों को जिला एवं विधानसभा इकाइयों के गठन, संगठन की समीक्षा, संभावित चुनावी सीटों की पहचान तथा नियमित दौरे कर विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपने की जिम्मेदारी दी गई। प्रदेश महासचिव हरि शंकर पटेल को सभी मंडलों एवं जिला इकाइयों के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
‘एक बूथ–दस यूथ’ बना चुनावी मंत्र
प्रदेश नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए “एक बूथ–दस यूथ” अभियान को संगठन का सबसे बड़ा लक्ष्य घोषित किया। प्रत्येक बूथ पर कम से कम दस सक्रिय युवाओं की टीम गठित कर जदयू गांव-गांव और बूथ-बूथ तक अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है। पार्टी नेतृत्व ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी विजय की आधारशिला है।
एनडीए के साथ चुनाव लड़ने का दोहराया संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने स्पष्ट किया कि जदयू उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ मिलकर ही वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखते हुए जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।
प्रदेशभर में होंगे संगठनात्मक कार्यक्रम
बैठक में रायबरेली, मिर्जापुर, मेरठ, तुलसीपुर और प्रयागराज में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा की गई। साथ ही सितंबर में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के उत्तर प्रदेश दौरे की भी जानकारी दी गई।
सदस्यता अभियान और नई नियुक्ति
बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया गया। इस दौरान रमाशंकर यादव को अंबेडकरनगर का जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा भी की गई। प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।



