राजनीति

अखिलेश यादव ने पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित, बोले—खेल प्रतिभाओं को मिलेगा पूरा सम्मान

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क |

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स में रजत पदक जीतने वाले मिर्जापुर के आशीष यादव और कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला जूडो में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली अस्मिता डे ने मुलाकात की। अखिलेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और सम्मानित किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर देश, प्रदेश, समाज और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की पक्षधर रही है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और प्रदेश के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को यश भारती जैसे प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं समझना चाहिए, बल्कि उनकी उपलब्धियों को सम्मान, आर्थिक प्रोत्साहन और बेहतर अवसरों से जोड़ना जरूरी है।

अखिलेश यादव ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को विशेष सम्मान दिया गया। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल नीति में प्रोत्साहन और पुरस्कार राशि बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए गए।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार देश का मान बढ़ा रहे हैं। महिला जूडो के 48 किलोग्राम वर्ग में अस्मिता डे की स्वर्णिम उपलब्धि इसका शानदार उदाहरण है।

अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन की परंपरा को और मजबूत किया जाएगा। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button