राजनीति

साहित्य और संस्कृति का अनूठा समागम: समाजवादी पार्टी मुख्यालय में हुआ

'डॉ. उदय प्रताप सिंह गुरू जी अभिनंदन ग्रंथ' का लोकार्पण

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय पर एक बेहद भव्य और भावनात्मक आयोजन देखने को मिला। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने हिंदी के प्रतिष्ठित कवि, साहित्यकार तथा उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान के पूर्व अध्यक्ष श्री उदय प्रताप सिंह के अभिनंदन समारोह में शिरकत करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस दौरान मां संतोषी फाउंडेशन द्वारा प्रकाशित ‘डॉ. उदय प्रताप सिंह गुरू जी अभिनंदन ग्रंथ’ का औपचारिक लोकार्पण भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि श्री उदय प्रताप सिंह मूल रूप से समाजवादी चिंतनधारा के प्रखर कवि हैं, जिनकी रचनाएं आज भी समाज में प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने मैनपुरी से दो बार सांसद और राज्यसभा सदस्य के रूप में उनके राजनीतिक योगदान को भी याद किया। श्री यादव ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कवियों, साहित्यकारों और समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को ‘यश भारती’ सम्मान के साथ-साथ सम्मान राशि को दोगुना करके सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर मैनपुरी से सांसद श्रीमती डिंपल यादव को भी मां संतोषी फाउंडेशन द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सूर्य कुमार पांडेय, सरिता शर्मा, सर्वेश अस्थाना, डीएन लाल समेत कई दिग्गज साहित्यकार, कवि और समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button