राजनीति

नीली टी-शर्ट और जींस में दिखेगी सपा छात्र सभा

अखिलेश ने लॉन्च की नई यूनिफार्म

दो सप्ताह का छात्र जागरूकता अभियान चलाएगी छात्र सभा, कॉलेजों में सदस्यता और सुझाव पत्र अभियान की तैयारी

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को सपा प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में समाजवादी छात्र सभा की नई यूनिफार्म लॉन्च की। नई यूनिफार्म में नीले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस शामिल है। टी-शर्ट पर समाजवादी छात्र सभा का लोगो छपा है। इस अवसर पर उन्होंने छात्र संगठन की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को संबोधित किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी छात्र सभा दो सप्ताह का कार्यक्रम तय कर कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र जागरूकता अभियान चलाएगी। छात्रों को सदस्य बनाकर समाजवादी विचारधारा और मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। पीडीए वृक्षारोपण के बाद विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिविर लगाकर संपर्क कार्यक्रम, पर्चा वितरण और छात्र-छात्राओं से सुझाव पत्र भरवाने की योजना है। संगोष्ठियों में वर्तमान राजनीति में युवाओं की भूमिका पर चर्चा होगी तथा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि नई पीढ़ी की सोच नई होती है। छात्र सभा को नई यूनिफार्म देने का उद्देश्य छात्रों के बीच नई सोच और समाजवादी विचारधारा को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यूनिफार्म केवल पहनावा नहीं, बल्कि समानता का प्रतीक भी है। इससे गैरबराबरी कम होती है और सभी एक समान दिखाई देते हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी प्रगतिशील सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण, लोकतांत्रिक तरीके और समाजवादी विचारधारा को छात्रों तक पहुंचाएगी। उन्होंने पीडीए को सकारात्मक, लोकतांत्रिक और समावेशी कार्रवाई के साथ-साथ प्रेम, दया और अपनापन का संदेश बताया। उनके अनुसार सामाजिक न्याय के साथ सौहार्द और मानवता को भी आगे बढ़ाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नई टेक्नोलॉजी रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है। छात्र सभा के पदाधिकारी जब कैंपस में जाएंगे तो छात्रों के नए विचार सामने आएंगे। समाजवादी पार्टी इन सुझावों को अपने चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर छात्रसंघों के निर्वाचित पदाधिकारियों की कमेटी बनाकर दुनिया के बेहतर विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक सहयोग की दिशा में काम किया जाएगा।

इस अवसर पर गोरखपुर की सामाजिक कार्यकर्ता सुशीला चौहान, पूर्व पार्षद विराट चौहान, अंकुश निषाद, जिला पंचायत सदस्य कुलदीप निषाद और बीडीसी सदस्य प्रमोद चौहान अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि इस परिवार के साथ बहुत अन्याय हुआ है और अभी भी न्याय नहीं मिला है।

Related Articles

Back to top button