Uncategorized

बदायूं: CDO गामिनी सिंगला ने एआरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

कार्यदाई संस्था को लगाई फटक

रिकॉर्ड रूम, कॉन्फ्रेंस रूम और सीसीटीवी व्यवस्था की जांच; रिनोवेशन की कमियां जल्द दूर करने को कहा

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क

शासन और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने उप संभागीय परिवहन कार्यालय, बदायूं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में चल रहे कार्यों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया गया। सीडीओ ने रिकॉर्ड रूम और कॉन्फ्रेंस रूम का निरीक्षण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी चेक किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न कार्मिकों के पटल का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इसके साथ ही कार्यदायी संस्था द्वारा कराए गए कार्यों की इन्वेंटरी के अनुसार जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कराए गए कार्य और उपलब्ध सामग्री निर्धारित विवरण के अनुरूप हैं।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने कार्यदायी संस्था यूपीसिडको के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि रिनोवेशन कार्यों में सुंदरीकरण से संबंधित जो भी कमियां हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया।

सीडीओ ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में बेहतर सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और सुचारु कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण में सामने आई कमियों का समयबद्ध ढंग से निस्तारण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, कार्यदायी संस्था यूपीसिडको के अधिशासी अभियंता एवं अवर अभियंता, परिवहन विभाग के कर्मचारी तथा प्रवर्तन सिपाही उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button