Uncategorized

लखनऊ में राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा परिषद के ‘सनातनी संकल्प दिवस’ पर शक्ति प्रदर्शन

सनातन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता पर जोर

लखनऊ में राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा परिषद के ‘सनातनी संकल्प दिवस’ पर शक्ति प्रदर्शन

निश्चय टाइम्स न्यूज़ डेस्क

राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में आज राष्ट्रीय हिन्दू रक्षा परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में “सनातनी संकल्प दिवस” का भव्य, ऐतिहासिक और विशाल आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में देश और प्रदेश के विभिन्न कोनों से पहुँचे संत-महात्माओं, हजारों पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ शिरकत की।

समारोह के मुख्य अतिथियों के रूप में जगद्गुरु श्री राम दिनेशाचार्य जी महाराज, श्री राजकुमार दास जी, श्री इंद्रेश कौशिक जी महाराज और राष्ट्र पुत्री सुश्री समीक्षा सिंह जी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। संतों और वक्ताओं ने अपने ओजस्वी विचारों से उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के मुद्दों पर खुलकर विचार रखे।

परिषद के राष्ट्रीय महासचिव श्री मुकेश सनातनी ने अपने संबोधन में दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी समाज की रीढ़ उसकी आंतरिक एकता और जागरूकता होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज के हर वर्ग तक पहुँचकर भारतीय संस्कारों और संगठन के विस्तार का संदेश मजबूती से पहुँचाएं। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सनातनी के जन्मदिवस को भी इस अवसर पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सनातनी ने संगठन के विस्तार, भावी रणनीतियों और वार्ड स्तर तक पकड़ मजबूत करने का आह्वाहन किया।

Related Articles

Back to top button