स्वच्छता ही सेवा 2026 का व्यापक अभियान
विशेष अभियान 6 में लंबित मामलों और स्क्रैप निपटान पर फोकस

श्रमदान से जनभागीदारी तक स्वच्छता पर जोर
उपभोक्ता मामलों के विभाग ने शुरू की संस्थागत पहल
निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क
उपभोक्ता मामलों का विभाग ‘स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026’ और विशेष अभियान 6 के तहत स्वच्छता, जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित कर रहा है। विभाग के कार्यालयों के साथ उसके संबद्ध, अधीनस्थ और स्वायत्त संगठनों में भी अभियान से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
17 सितंबर से अभियान
10वां स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहा है। ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के साथ संचालित अभियान में संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज की भागीदारी पर जोर दिया गया है।
पांच स्तंभों पर फोकस
अभियान में स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों के रूपांतरण, स्वच्छ पाठशाला और युवाओं की भागीदारी, सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर, जनभागीदारी तथा ‘स्वच्छता से समृद्धि’ को प्रमुख आधार बनाया गया है।
इन पहलों के तहत उपेक्षित स्थलों की सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा सामग्री की उपलब्धता तथा पात्र कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने जैसे प्रयास किए जाएंगे।
कचरे से संसाधन
अभियान में ठोस अपशिष्ट के स्रोत पृथक्करण, खाद निर्माण और रिसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के साथ आरआरआर रिसाइक्लर्स मीट, स्वच्छ एवं हरित पर्व और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। चक्रीय अर्थव्यवस्था और ‘अपशिष्ट से धन’ तथा ‘अपशिष्ट से कला’ की अवधारणा पर भी जोर है।
विशेष अभियान 6
2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले विशेष अभियान 6 का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देना और लंबित मामलों को कम करना है। तैयारी चरण 15 सितंबर से शुरू हुआ था।
अभियान में सांसदों, राज्य सरकारों, अंतर-मंत्रालयी स्रोतों और पीएमओ से प्राप्त लंबित मामलों के साथ जन शिकायतों और अपीलों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही स्क्रैप, बेकार सामग्री, अभिलेख, कार्यालयी स्थान और ई-कचरे के निपटान पर ध्यान रहेगा।
विभागीय भागीदारी
उपभोक्ता मामलों के विभाग के साथ बीआईएस, एनटीएच, एनसीसीएफ, एनसीडीआरसी और आरआरएसएल भी अभियान में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं। विभिन्न कार्यालयों में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई है और अधिकारी-कर्मचारी श्रमदान गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।
अभियान का समापन 2 अक्टूबर, स्वच्छ भारत दिवस पर देशभर में श्रमदान के साथ होगा।



