राजनीति

यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनावी बिगुल

23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना

5 स्नातक, 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव

29 सितंबर को अधिसूचना

निश्चय टाइम्स न्यूज डेस्क,

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों—5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों— में होने वाले द्विवार्षिक चुनाव का कार्यक्रम तय हो गया है। इन सदस्यों का कार्यकाल दिसंबर 2026 में समाप्त होने के कारण निर्वाचन आयोग ने रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया निर्धारित की है। चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित है। 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जानी है।

11 सीटें

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद शामिल हैं।

सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों में स्नातक सीटों से अवनीश कुमार सिंह, आशुतोष सिन्हा, डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, दिनेश कुमार गोयल और डॉ. मान सिंह यादव शामिल हैं। शिक्षक सीटों से उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, डॉ. आकाश अग्रवाल, श्रीचंद शर्मा, हरि सिंह ढिल्लों और ध्रुव कुमार त्रिपाठी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

छह जिलों में नामांकन

नामांकन प्रक्रिया लखनऊ, मेरठ, आगरा, वाराणसी, बरेली और गोरखपुर में होगी। संबंधित मंडलायुक्त रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका निभाएंगे, जबकि संबंधित जिलों के जिलाधिकारी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में कार्य करेंगे।

आचार संहिता लागू

निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू है। चुनावी प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों को नामांकन और आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया है।

मतपत्र से मतदान

विधान परिषद के इन चुनावों में एकल संक्रमणीय मत के माध्यम से आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली लागू होगी। मतदाता को अपनी पहली पसंद के उम्मीदवार के सामने अंक ‘1’ दर्ज करना होगा। अन्य प्राथमिकताएं देना वैकल्पिक है। शब्दों में प्राथमिकता लिखने के बजाय केवल अंकों का प्रयोग किया जाएगा।

विधान परिषद चुनाव में NOTA का प्रावधान लागू नहीं है। सामान्य उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि ₹10,000 और अनुसूचित जाति/जनजाति उम्मीदवारों के लिए ₹5,000 निर्धारित है।

Related Articles

Back to top button